Breaking
Sun. Oct 11th, 2026

एनएच-32 पर बेकाबू ट्रेलर दो दुकानों में घुसा, दो की मौत और चार घायल

बोकारो। धनबाद-बोकारो-पुरुलिया को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-32 पर पश्चिम बंगाल सीमा के समीप नगेन मोड़ में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे स्थित दो दुकानों में जा घुसा। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में ट्रेलर चालक भी घायल हुआ है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के नगेन मोड़ पर रविवार सुबह कुछ लोग एक दुकान में बैठकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान पश्चिम बंगाल की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित दो दुकानों को अपनी चपेट में लेते हुए उनमें जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों दुकानें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के समय दुकानों में मौजूद लोग मलबे में दब गए। इस दुर्घटना में सरदाहा गांव निवासी राम ओझा और सीदाम दाम घटवाल की मौत हो गई। हादसे में घायल लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-32 किया जाम

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने घटनास्थल पर पहुंचकर सड़क जाम कर दिया, जिससे एनएच-32 पर वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर पिंड्राजोरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। दो घायलों को पुलिस अपने वाहन से अस्पताल ले गई, जबकि अन्य घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए भेजा गया।

पिंड्राजोरा थाना प्रभारी रवि कुमार ने दो लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Post