Breaking
Thu. Oct 8th, 2026

न्यू सीमापुरी में जर्जर चार मंजिला इमारत भरभराकर गिरी, चार की मौत, आठ घायल

नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू सीमापुरी इलाके में बुधवार दोपहर एक जर्जर चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। ईदगाह मछली मंडी के पास हुए इस हादसे में मलबे की चपेट में आने से अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि आठ लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा दोपहर करीब 3:10 बजे हुआ। इमारत गिरने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मलबे के नीचे दब गए।

घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन सेवा, एनडीआरएफ, एमसीडी और दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय पुलिस और दमकल कर्मियों ने तत्काल मलबा हटाने का काम शुरू किया। करीब 15 से 20 मिनट के भीतर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया था। देर रात तक चले अभियान में बचाव दल ने मलबे में फंसे कई लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में 21 वर्षीय गुलअफशां समेत चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में एक 12 वर्षीय किशोरी और एक बच्चा भी शामिल है। गुलअफशां के चार महीने की गर्भवती होने की बात भी सामने आई है। वहीं घायल मोमिन मिर्जा, अब्दान, अब्दुल रहमान, देवरुद्दीन, सलमा, छोटे, सकीना और समद का अस्पताल में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार कई घायलों को सिर और हड्डियों में गंभीर चोटें आई हैं। पांच घायलों का न्यूरोसर्जरी और तीन का ऑर्थोपेडिक विभाग में उपचार किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह इमारत डूसिब की जमीन पर करीब 15 से 20 वर्ष पहले बनी थी। शुरुआत में यह दो मंजिला थी, लेकिन पिछले वर्ष इसमें दो और मंजिलें जोड़ दी गई थीं। आसपास चल रहे तोड़फोड़ और निर्माण कार्य के दौरान मशीनों से होने वाले कंपन को भी इमारत के कमजोर होने की संभावित वजह माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि मंगलवार रात आए भूकंप के बाद इमारत में कई जगह दरारें दिखाई दी थीं। इसके बाद मकान मालिक ने भवन खाली कराने की तैयारी शुरू कर दी थी, लेकिन लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही बुधवार दोपहर इमारत का अगला हिस्सा ढह गया। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Related Post

You Missed