Breaking
Thu. Oct 8th, 2026

नशे में वाहन चलाने वालों पर शिकंजा, चाईबासा में दो चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त

चाईबासा।पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार की रात चाईबासा जिला मुख्यालय स्थित सरायकेला मोड़ के समीप जिला परिवहन विभाग और मुफस्सिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए दो चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को जब्त कर लिया गया।

मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की गई। जांच में दो चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। दोनों वाहनों को जब्त कर मुफस्सिल थाना ले जाया गया।

अभियान के दौरान पुलिस और परिवहन विभाग की टीम ने दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों के सीट बेल्ट की भी जांच की। इसके साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाण पत्र समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मौके पर ही नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई।

थाना प्रभारी विनोद कुमार ने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाएं। उन्होंने कहा कि शराब या किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है। उन्होंने वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने तथा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने से बचने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क हादसों को रोकने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए इस तरह का जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Post