Breaking
Wed. Oct 7th, 2026

विकसित भारत के संकल्प के साथ जमशेदपुर में निकली सेवा ज्योति यात्रा, भाजपा कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को साकची स्थित बोधि मंदिर मैदान में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। सभा के बाद सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प के साथ ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में मशाल और विकसित भारत का संदेश देती तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया।

भाजपा जमशेदपुर महानगर एवं पूर्वी सिंहभूम जिला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का संबोधन सुना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण के लिए किए गए कार्यों को स्मरण किया।

संबोधन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की सामूहिक शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा और पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी के साथ मशाल प्रज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा बोधि मंदिर मैदान से निकलकर स्ट्रेट माइल रोड गोलचक्कर तक पहुंची और वापस बोधि मंदिर मैदान लौटकर संपन्न हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सेवा, समर्पण और विकसित भारत के नारों के साथ माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्षों के कार्यकाल में देश ने सुशासन, गरीब कल्याण और जनहितकारी योजनाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव देखा है। भारत आज आत्मविश्वास के साथ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संकल्प बन चुका है। सामूहिक प्रयास, परिश्रम और जनभागीदारी से इस लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में सेवा को राजनीति का आधार बनाते हुए राष्ट्रहित और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पहुंचाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प अब करोड़ों देशवासियों का सामूहिक संकल्प बन चुका है।

विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के सशक्तीकरण के साथ आधारभूत संरचना, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।

भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। सेवा को साधना मानकर राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करना ही भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान है।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां, पूर्व विधायक मेनका सरदार, मीरा मुंडा, बाबूलाल सोरेन, महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् से हुआ और राष्ट्रगान के साथ समापन किया गया। मंच संचालन जिला महामंत्री राजीव सिंह ने किया।

Related Post