Breaking
Wed. Oct 7th, 2026

*तैरा गांव में दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट शुरू, डीएस ब्रदर्स ने जीता उद्घाटन मैच*

चाईबासा : सोनुवा प्रखंड के देवावीर पंचायत अंतर्गत तैरा गांव स्थित उत्क्रमित विद्यालय ऊपर टोली मैदान में जेएमपीसी तैरा की ओर से दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन अधिवक्ता सह पूर्व प्रत्याशी महेंद्र जामुदा ने फुटबॉल को किक मारकर किया। उद्घाटन मैच डीएस ब्रदर्स और जूनियर स्टार के बीच खेला गया, जिसमें डीएस ब्रदर्स की टीम ने जीत दर्ज की।

इस अवसर पर महेंद्र जामुदा ने कहा कि खेल स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। खेल के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के साथ रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं। रेलवे, सेना सहित राज्य और केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में खेल प्रतिभाओं को नौकरी के अवसर मिलते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल को खेल भावना के साथ खेलने की अपील की।

उन्होंने कहा कि मैदान पर किसी तरह की आपसी रंजिश नहीं रखनी चाहिए। खिलाड़ियों को अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत के खिलाड़ियों ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश के साथ अपने माता-पिता, गांव और पंचायत का नाम रोशन किया है। तैरा गांव के युवा भी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ें और भविष्य में अपने क्षेत्र का नाम रोशन करें।

टूर्नामेंट को लेकर स्थानीय खिलाड़ियों और ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। उद्घाटन कार्यक्रम में नितिन जामुदा, मिथुन नायक, विकास खडाईत, दीपक नायक, कार्तिकेश्वर नायक, सुदाम नायक, शिवा, मनोज, कलंदी, विजय, अर्जुन, राजवीर, चन्दन, नीलू, जगजीवन और रवि समेत अन्य लोग मौजूद थे।

Related Post