सरायकेला। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के एक ही गांव के तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद जुगिलांग गांव में मातम पसरा हुआ है। तीनों युवक पश्चिम बंगाल के बलरामपुर में आयोजित छाता मेला में पनामा सर्कस देखने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुरुलिया-बोकारो मार्ग पर मालती चेक पोस्ट के समीप तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जाता है कि सोमवार देर शाम तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जुगिलांग गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जमशेदपुर की ओर से पश्चिम बंगाल की तरफ जा रही अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगिलांग गांव निवासी शिवम गोप, लुकैस गोप और सपन गोप के रूप में हुई है। शिवम गोप, गौर गोप के पुत्र, लुकैस गोप, राजा राम गोप के पुत्र और सपन गोप, हड़कू गोप के पुत्र थे। तीनों की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे के बाद अर्टिगा कार का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पश्चिम बंगाल पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार कार और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस के स्तर से वाहन की तलाश में कार्रवाई जारी है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मालती चेक पोस्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि चेक पोस्ट के बावजूद दुर्घटना के बाद वाहन का चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

