Breaking
Mon. Oct 5th, 2026

कोहरे के नाम पर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस बंद करने का विरोध, एजीएम से मिले सतबीर सिंह सूमो

जमशेदपुर। टाटा-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस के इस वर्ष भी रद्द किए जाने के रेलवे के फैसले को लेकर विरोध तेज होने लगा है। सोमवार को टाटानगर स्टेशन पर दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक मनीष कुमार जैन से मुलाकात कर सतबीर सिंह सूमो ने ट्रेन का परिचालन बंद नहीं करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन झारखंड समेत बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के यात्रियों के लिए लंबी दूरी की महत्वपूर्ण रेल सेवा है। इसके रद्द होने से इन राज्यों के यात्रियों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

सतबीर सिंह सूमो ने एजीएम को बताया कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस के बंद रहने से हजारों यात्रियों को दूसरी ट्रेनों पर निर्भर रहना पड़ेगा। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए पर्याप्त वैकल्पिक रेल सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें अतिरिक्त परेशानी और आर्थिक बोझ उठाना पड़ सकता है। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन रद्द करने के निर्णय पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि कोहरे की संभावना को देखते हुए पिछले चार वर्षों से जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन रद्द किया जा रहा है। इस वर्ष भी ट्रेन को रद्द किए जाने की तैयारी से यात्रियों में नाराजगी है। उन्होंने रेलवे से मांग की कि कोहरे के दौरान परिचालन व्यवस्था में आवश्यक बदलाव करते हुए ट्रेन को पूरी तरह रद्द करने के बजाय चलाने का विकल्प तलाशा जाए।

सूमो ने यह भी कहा कि रांची के जनप्रतिनिधियों के विरोध के बाद हटिया-आनंद विहार स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस को इस वर्ष रद्द नहीं किया गया है। ऐसे में जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को भी राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने रेलवे के समक्ष यात्रियों के हित में समान नीति अपनाने और ट्रेन का परिचालन जारी रखने की मांग रखी।

Related Post