Breaking
Mon. Oct 5th, 2026

अड्डेबाजी के खिलाफ सिमडेगा पुलिस की कार्रवाई, चार युवकों को चेतावनी देकर परिजनों को सौंपा

सिमडेगा। जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सिमडेगा पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में पुलिस ने शनिवार को खिजरी नवाटोली और पांडे टोली इलाके में कार्रवाई करते हुए चार युवकों को पूछताछ के लिए थाना लाया। पुलिस के अनुसार, इन इलाकों में कुछ लोगों के अनावश्यक रूप से एकत्र होकर अड्डेबाजी करने की सूचना मिली थी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने संबंधित स्थानों पर पहुंचकर स्थिति की जांच की। मौके से चार युवकों को पूछताछ के लिए सिमडेगा थाना लाया गया। पुलिस ने उनसे इलाके में एकत्र होने और सार्वजनिक स्थान पर अड्डेबाजी के संबंध में जानकारी ली। पूछताछ के दौरान युवकों को स्पष्ट रूप से समझाया गया कि सार्वजनिक स्थलों पर बिना किसी उद्देश्य के भीड़ लगाकर बैठना या ऐसी गतिविधियों में शामिल होना कानून-व्यवस्था के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।

पुलिस ने चारों युवकों को भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने, सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने तथा शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की हिदायत दी। साथ ही युवकों के परिजनों को भी मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद सभी चार युवकों से पीआर बॉन्ड भरवाया गया और आवश्यक समझाइश एवं परामर्श देने के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

सिमडेगा पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब, अड्डेबाजी और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए नियमित गश्ती और निगरानी जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक जमावड़ा नहीं लगाने तथा किसी भी संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से क्षेत्र में शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल बनाए रखने में मदद मिलेगी।

Related Post