जमशेदपुर। पोटका थाना क्षेत्र के हाता बिरसा चौक में रविवार अहले सुबह करीब तीन बजे दो ट्रकों के बीच हुई भीषण टक्कर में एक ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद दुर्घटना में शामिल दूसरे ट्रक का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर अफरातफरी की स्थिति बनी रही।
बताया गया कि ओडिशा की ओर से एक ट्रक जमशेदपुर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान हाता बिरसा चौक के पास उसकी दूसरे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ट्रक चालक गिरीश प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और इसकी सूचना पोटका पुलिस को दी। पुलिस की मदद से घायल चालक को तत्काल पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. सत्यनारायण भगत ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने गिरीश प्रसाद को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया।
इधर, हादसे के बाद दूसरे ट्रक का चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। फिलहाल उसके नंबर और चालक की पहचान नहीं हो सकी है। पोटका पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाने के साथ संभावित रास्तों पर भी जांच कर रही है।

