Breaking
Tue. Sep 29th, 2026

पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, हादसे के बाद चालक फरार

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ-गुदड़ी मुख्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर पनसुआं डैम की घाटी के समीप हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मैक्स पिकअप वाहन का चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है और फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गुदड़ी थाना क्षेत्र के तलंगजीरा गांव निवासी सोमा लुगुन (31), पिता टीरा लुगुन, मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बाइक से सोनुआ की ओर से गुदड़ी के लोढ़ाई जा रहे थे। इसी दौरान पनसुआं डैम की घाटी के पास विपरीत दिशा से आ रहे मैक्स पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सोमा लुगुन सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पिकअप वाहन उन्हें रौंदते हुए मौके से फरार हो गया। गंभीर चोट लगने के कारण सोमा लुगुन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही सोनुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। मृतक के पास मिले आधार कार्ड के आधार पर पुलिस ने उनकी पहचान सोमा लुगुन के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल, चक्रधरपुर भेज दिया।

Related Post