Breaking
Tue. Sep 29th, 2026

*हाटगम्हरिया आवासीय विद्यालय में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता, छात्राओं ने दिखाया प्रतिभा*

चाईबासा: सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय हाटगम्हरिया में “मेरे सपनों का भारत” चित्र सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें “विकसित भारत संकल्प 2047 का भारत कैसा होना चाहिए” विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता कराई गई। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपने विचारों को चित्र और भाषण के माध्यम से प्रस्तुत किया।

चित्रकला प्रतियोगिता में जयंती झांसी ने प्रथम, अंकिता कुमारी ने द्वितीय और विनीता पीगुवा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा मोती सुरीन सहित तीन छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। भाषण प्रतियोगिता में चिपड़ी बिरुवा प्रथम, सुनीता पिंगुवा द्वितीय और लुइमनी गागराई तृतीय स्थान पर रहीं। चार अन्य छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सभी चयनित प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी दिए गए।

कार्यक्रम में अभियान के संयोजक रंजन प्रसाद ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश के युवा ही भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से हर वर्ष आयोजित होने वाले परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम से विद्यार्थियों को नई दिशा और प्रेरणा मिल सकती है। उन्होंने छात्राओं से नियमित दिनचर्या का पालन करने, शिक्षा पर ध्यान देने और अपने लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ने की अपील की।

रंजन प्रसाद ने कहा कि प्रतियोगिता में पुरस्कार मिलना महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे अधिक जरूरी भागीदारी और प्रयास है। जिन छात्राओं को पुरस्कार नहीं मिला है, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। लक्ष्य तय कर मेहनत करने से सफलता हासिल की जा सकती है।

कार्यक्रम में प्रताप कटियार, महतो चंद्र मोहन तियू, दुर्गावती बोईपाय और ब्रजमोहन चतोंबा ने भी छात्राओं को संबोधित कर उनका मनोबल बढ़ाया। वक्ताओं के विचार सुनकर छात्राएं उत्साहित नजर आईं।

कार्यक्रम का संचालन महामंत्री सीतानशु बेहरा ने किया। मौके पर शत्रुघ्न हेंब्रम, गीता बिरूवा, दिलीप गुप्ता, तेरे बिना, पप्पू राय, विद्यालय की वार्डन नलिनी तिरिया सहित शिक्षिकाएं मौजूद थीं।

Related Post