Breaking
Sat. Sep 26th, 2026

तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पार कर रहे मजदूर को कुचला, मौके पर मौत

जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन के चाईबासा बस स्टैंड के सामने शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हादसा रात करीब एक बजे बागबेड़ा थाना क्षेत्र में स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क पर हुआ। मृतक की पहचान संजय नगर निवासी कल्लू यादव के रूप में हुई है। वह स्टेशन क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता था।

बताया गया कि कल्लू सड़क पार कर रहा था, तभी हाता की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर संख्या एनएल01एडी-8913 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद ट्रेलर उसके ऊपर चढ़ गया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और इसकी सूचना बागबेड़ा पुलिस को दी गई।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को पुलिस ने जब्त कर लिया है। ट्रेलर पर पन्नू कार्गो मूवर्स लिखा हुआ है। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

परिजनों के अनुसार कल्लू के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में वह अपने दो भाइयों और एक बहन का सहारा था। उसकी मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया।

Related Post