Breaking
Sat. Sep 26th, 2026

आदित्यपुर की मुस्लिम बस्ती में घर में घुसकर फायरिंग, युवक घायल, एक आरोपी गिरफ्तार

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती में शुक्रवार देर रात घर में घुसकर फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गयी। तीन युवकों ने कथित तौर पर शातिर अपराधी मो. इमरान के घर में घुसकर उसके छोटे भाई मो. अब्दुल जाफर पर गोली चला दी। गोली जाफर के सिर को छूते हुए निकल गयी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले गये, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद बस्ती में अफरा-तफरी मच गयी। बताया जाता है कि अब्दुल जाफर शुक्रवार रात अपने घर में मौजूद था। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और घर के अंदर घुसकर उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। इसी बीच एक युवक ने उस पर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आये। फायरिंग के बाद तीनों आरोपी पैदल भागने लगे। स्थानीय लोगों ने उनका पीछा किया और एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों द्वारा पकड़े गये युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़ा गया युवक मानगो के आजादनगर क्षेत्र का रहने वाला है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों के कपाली और मानगो क्षेत्र से जुड़े होने की जानकारी सामने आ रही है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटना के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आयी है। पुलिस पकड़े गये आरोपी से पूछताछ कर गोलीबारी में शामिल अन्य युवकों और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कपाली निवासी मो. कलीम और उसके साथियों पर भी घटना में शामिल होने का संदेह जताया जा रहा है, हालांकि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

इधर, गोली लगने की सूचना मिलने के बाद घायल जाफर के परिजन भी टीएमएच पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

Related Post