जमशेदपुर। जुगसलाई के घोड़ा चौक स्थित मल्लिक प्लाईवुड दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कपाली क्षेत्र में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के दो लैपटॉप, 19 हजार रुपये नकद, एक बैग और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और स्कूटी भी पुलिस ने जब्त की है। पुलिस के अनुसार चोरी में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
विधि-व्यवस्था के पुलिस उपाधीक्षक सुमित कुमार ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 20 और 21 सितंबर की दरम्यानी रात जुगसलाई थाना क्षेत्र के घोड़ा चौक स्थित मल्लिक प्लाईवुड दुकान को चोरों ने निशाना बनाया था। दुकान संचालक सुमित मल्लिक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जुगसलाई थाना कांड संख्या 78/2026 दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों से मिले सुराग के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान की और कपाली ओपी क्षेत्र में 24 सितंबर को छापेमारी की। इस कार्रवाई में नूर मोहम्मद, दानिश हुसैन, शेख गनी इमाम उर्फ लकी और शहनवाज खान को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने दुकान की ग्रिल और शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। दुकान से सामान और नकदी चोरी करने के बाद सभी फरार हो गए थे। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पिंक रंग का पीठू बैग, लेनोवो कंपनी का काला लैपटॉप, एसर कंपनी का सिल्वर रंग का लैपटॉप और चोरी की रकम में से 19 हजार रुपये बरामद किए गए। इसके अलावा चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किए हैं।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल संख्या जेएच05डीबी1675 और स्कूटी संख्या जेएच05ईएफ2314 भी जब्त की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वाहनों की पहचान और बरामदगी में सीसीटीवी फुटेज से मिले सुरागों की अहम भूमिका रही। गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, मामले में शामिल पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस बरामद सामान और वाहनों का सत्यापन करने के साथ ही चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

