Breaking
Fri. Sep 25th, 2026

*रांची में बड़ा हादसा टला: स्कूल बस पर गिरा पेड़, बाल-बाल बचे बच्चे*

*रांची :* राजधानी रांची में शुक्रवार की सुबह तेज बारिश और आंधी के बीच बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डोरंडा थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी/एजी मोड़ के पास बच्चों को लेकर स्कूल जा रही एक बस पर अचानक सड़क किनारे का बड़ा पेड़ गिर गया। हादसे में बस का अगला हिस्सा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन बस में सवार सभी बच्चे और चालक सुरक्षित हैं।

बताया गया कि पिछले दो दिनों से रांची में लगातार बारिश हो रही है। शुक्रवार की सुबह भी तेज हवा और बारिश के बीच स्कूल बस बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे लगा एक बड़ा पेड़ अचानक बस के ऊपर गिर गया। पेड़ को गिरता देख चालक ने तत्काल ब्रेक लगाकर बस रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना की जानकारी मिलते ही डोरंडा थाना पुलिस और रांची नगर निगम की टीम को सूचना दी गई। नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और पेड़ को काटकर सड़क से हटाया। इसके बाद रास्ता साफ कराया गया और स्कूल बस को सुरक्षित आगे रवाना किया गया।

पेड़ गिरने के कारण कुछ देर तक सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। राहत की बात यह रही कि हादसे में बस चालक और किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई। घटना ने बारिश के दौरान सड़क किनारे खड़े पुराने और कमजोर पेड़ों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।

Related Post