Breaking
Fri. Sep 25th, 2026

मैगी पॉइंट पर युवकों के बीच हिंसक झड़प, दारोगा के बेटे की पीट-पीटकर हत्या, कई हिरासत में

गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग स्थित बंदरकुप्पी मैगी पॉइंट के पास गुरुवार देर रात हुए हिंसक हमले में 24 वर्षीय युवक ऋतिक यादव उर्फ बड्डी यादव की मौत हो गई। आरोप है कि 8 से 10 युवकों ने अचानक ऋतिक और उसके साथियों पर हमला कर दिया। इस दौरान बांस की फराठी और मुक्के-लात से की गई मारपीट में ऋतिक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार, ऋतिक यादव अपने साथी शुभम दास और राजा गुप्ता के साथ गुरुवार रात करीब 10:30 बजे कार से बंदरकुप्पी स्थित मैगी पॉइंट पर गया था। देर रात चाय, कॉफी और मैगी के लिए युवाओं की भीड़ रहने वाले इस स्थान पर तीनों दोस्त कुछ देर के लिए रुके थे। इसी दौरान पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सतीश यादव कथित तौर पर अपने कई साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और इसके बाद सतीश यादव तथा उसके साथियों ने ऋतिक और उसके दोस्तों पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शी शुभम दास के अनुसार, हमलावरों ने पहले ऋतिक और उसके साथियों के साथ मुक्के और लात से मारपीट की। इसके बाद बांस की फराठी से ऋतिक पर लगातार वार किया गया। गंभीर चोट लगने के बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा। उसे बचाने पहुंचे उसके दो साथियों के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों और साथियों ने घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद ऋतिक को मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों, परिचितों और समर्थकों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

ऋतिक यादव मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर बभनटोली का रहने वाला था। उसके पिता झारखंड पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं और वर्तमान में हजारीबाग जेल में पदस्थापित बताए जा रहे हैं। ऋतिक के जेएमएम छात्र मोर्चा से जुड़े होने की भी जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलने पर जेएमएम नगर अध्यक्ष रॉकी सिंह समेत कई समर्थक सदर अस्पताल पहुंचे और घटना पर दुख जताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन और नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ घटनास्थल और सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हमला अचानक हुआ या इसके पीछे पहले से चला आ रहा कोई विवाद था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ पुलिस हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मुख्य आरोपी सतीश यादव समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। मामले में आगे की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के वास्तविक कारण का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Related Post