Breaking
Thu. Sep 24th, 2026

*पोटो हो की प्रतिमा स्थापना को लेकर मंझारी में गांव-गांव होगी सामाजिक बैठक*

चाईबासा: वीर शहीद पोटो हो की प्रतिमा चाईबासा उपायुक्त कार्यालय परिसर में स्थापित करने की मांग को लेकर मंझारी प्रखंड में सामाजिक अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत प्रखंड के विभिन्न गांवों में बैठकें आयोजित कर लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा। गुरुवार को मंझारी प्रखंड के पुटीसिया स्कूल के समीप आदिवासी हो समाज युवा महासभा की बैठक में प्रतिमा स्थापना की मांग को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मौसम साफ होने के बाद भरभरिया हाट परिसर में प्रखंड स्तरीय सामाजिक बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें मानकी-मुंडा, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, युवा और समाज के अन्य लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके बाद मंझारी प्रखंड के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क और जागरूकता अभियान चलाने की बात कही गई।

आदिवासी हो समाज युवा महासभा के जिला अध्यक्ष शेरसिंह बिरुवा ने कहा कि वीर शहीद पोटो हो कोल्हान की वीरता, संघर्ष और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उपायुक्त कार्यालय परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग उनके बलिदान और ऐतिहासिक योगदान के सम्मान से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव बैठक और जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को पोटो हो के योगदान की जानकारी दी जाएगी और प्रतिमा स्थापना की मांग को लेकर सामाजिक अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गोविंद बिरुवा, पूर्व केंद्रीय सांस्कृतिक सचिव प्रधान बानसिंह, पूर्व मुखिया नटवरलाल बिरुवा, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष घनश्याम बिरुवा, नरसिंह बिरुवा, जागर तियू, सुरेश चंद्र कुंकल, सरविंदा तियू समेत अन्य सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Post