Breaking
Thu. Sep 24th, 2026

मवेशियों से लदी बोलेरो पलटी, दो की मौत, तीन बैलों ने भी तोड़ा दम

जामताड़ा। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के करमाटांड़-मदनकट्टा मुख्य मार्ग पर शकलपुर-शहरजोरी के पास बुधवार देर रात करीब ढाई बजे मवेशियों से लदी बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि वाहन में लदे पांच मवेशियों में तीन बैलों की भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के बांकुडीह पंचायत अंतर्गत चिरुडीह निवासी अशरफ अंसारी (35) और रफीक अंसारी (40) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे करमाटांड़ थाना क्षेत्र में पुलिस गश्ती दल को देखकर बोलेरो सवार लोगों ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान शकलपुर-शहरजोरी के समीप घुमावदार मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। बोलेरो सड़क किनारे कच्ची मिट्टी में फिसलने के बाद पलट गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो से दोनों मृतकों और मवेशियों को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, वाहन में पांच मवेशी लदे थे, जिनमें तीन बैलों की मौके पर ही मौत हो गई। मवेशियों को वाहन के भीतर बेहद खराब और दर्दनाक स्थिति में बांधकर रखा गया था। घटना के बाद पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जांच के दौरान पुलिस को मवेशी चोरी से जुड़ी शिकायत की जानकारी मिली। थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे के अनुसार, बिंदापाथर थाना क्षेत्र के गेडिया गांव निवासी निमाई महतो और पांचू महतो के दो-दो बैल चोरी होने की शिकायत पहले दर्ज कराई गई थी। बरामद चार बैलों की ग्रामीणों ने पहचान करते हुए उन्हें अपना बताया है। बोलेरो से एक गाय भी बरामद हुई है, जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों मृतकों के मवेशी चोरी कर ले जाने की आशंका सामने आई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

Related Post