Breaking
Thu. Sep 24th, 2026

यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में भीषण आग, नौ यात्रियों की जिंदा जलकर मौत

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास 35वें किलोमीटर पर दिल्ली से महोबा जा रही डबल डेकर स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बस के अंदर फंसे नौ यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई। मृतकों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल बताए जा रहे हैं।

राज कल्पना ट्रेवल्स की बस दिल्ली से महोबा जा रही थी। बताया गया कि एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास चालक को बस के इंजन से आग की लपटें दिखाई दीं। चालक ने तत्काल बस को ओवरटेकिंग लेन से हटाकर एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ा किया और आग बुझाने का प्रयास किया। इसी दौरान आग तेजी से फैल गई। चालक और परिचालक ने यात्रियों को बस से बाहर निकलने के लिए आवाज लगाई। जान बचाने के लिए 20 से अधिक यात्री खिड़कियों और दरवाजों से बाहर कूद गए, जबकि नौ यात्री बस के भीतर फंस गए। आग की लपटों के बीच बस से पटाखे फटने जैसी आवाजें भी सुनाई देने की बात सामने आई है।

सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के बाद भी बस काफी देर तक सुलगती रही। करीब पांच घंटे तक चले बचाव अभियान में बस की बॉडी को काटकर अंदर फंसे यात्रियों के शव और अवशेष बाहर निकाले गए। आग की तीव्रता के कारण शव बुरी तरह झुलस गए थे और उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। सभी शवों को पोस्टमार्टम और पहचान की प्रक्रिया के लिए कैलाश अस्पताल भेजा गया है।

हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से जेवर टोल और एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास करीब 30 मिनट तक यातायात रोका गया। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर दो कारों के आपस में टकराने की भी सूचना है। बचाव अभियान पूरा होने के बाद यातायात को दोबारा सामान्य कराया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जेवर के अनुमंडल अधिकारी ने हादसे में सुरक्षित बचे यात्रियों को जेवर टोल पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। इसके बाद उन्हें टेंपो ट्रैवलर से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। अत्यधिक जल जाने के कारण मृतकों की मौके पर पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस बस की टिकट बुकिंग और यात्रियों के विवरण के आधार पर उनके परिजनों से संपर्क कर रही है। मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए परिजनों के डीएनए नमूने लेकर शवों से मिलान कराया जाएगा। फिलहाल बस में आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Related Post