Breaking
Wed. Sep 23rd, 2026

*जिला परिषद परिसर में बनेगा तीन मंजिला मार्केट कॉम्प्लेक्स* *जर्जर दुकानों की जगह नया भवन, वर्तमान दुकानदारों को आवंटन में मिलेगी प्राथमिकता*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में जिला परिषद की परिसंपत्तियों के विकास, संरक्षण और आय बढ़ाने की दिशा में पहल शुरू की गई है। चाईबासा स्थित जिला परिषद कार्यालय परिसर में लंबे समय से जर्जर दुकानों को हटाकर उनकी जगह तीन मंजिला नया मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन के नेतृत्व और मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी जिला परिषद उत्कर्ष कुमार की पहल से वर्षों से लंबित योजना को आगे बढ़ाया गया है।

जिला परिषद कार्यालय परिसर में कई दुकानें काफी पुरानी और जर्जर स्थिति में हैं। इन भवनों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने से दुकानदारों और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। इसे देखते हुए जर्जर दुकानों को हटाकर व्यवस्थित और सुरक्षित मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना तैयार की गई है।

जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन ने कहा कि पुरानी और जर्जर दुकानों के स्थान पर नया मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाना लंबे समय से जरूरी था। जर्जर भवनों में दुकानें चलने से सुरक्षा का खतरा बना रहता है। नए भवन से दुकानदारों को बेहतर और सुरक्षित व्यावसायिक स्थान मिलेगा। इससे चाईबासा में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ जिला परिषद की आय में भी वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि जिला परिषद की परिसंपत्तियों को सुरक्षित, उपयोगी और आय का स्थायी स्रोत बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। आय बढ़ने से भविष्य में विकास और जनोपयोगी कार्यों के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।

मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार ने बताया कि निर्माण प्रक्रिया के दौरान वर्तमान दुकानदारों के हितों का भी ध्यान रखा जा रहा है। दुकानदारों को वैकल्पिक रूप से अन्य भवनों में दुकानें उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि निर्माण के कारण उनके कारोबार पर कम से कम असर पड़े। उन्होंने बताया कि नए भवन के निर्माण के लिए विभागीय स्तर से प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। जिन वर्तमान दुकानदारों का किराया अद्यतन है, उन्हें नए मार्केट कॉम्प्लेक्स में दुकान आवंटन में प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि नए कॉम्प्लेक्स के निर्माण से व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और जिला परिषद की परिसंपत्ति का बेहतर उपयोग हो सकेगा।

*मझगांव में बस स्टैंड और दुकानों का होगा विकास*

जिला परिषद की ओर से मझगांव प्रखंड क्षेत्र में नया बस स्टैंड और दुकानों के निर्माण की दिशा में भी पहल की जा रही है। इससे यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने के साथ स्थानीय व्यवसायियों के लिए नए व्यावसायिक अवसर उपलब्ध होंगे। व्यवस्थित बस स्टैंड और दुकानों के विकास से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Related Post