Breaking
Wed. Sep 23rd, 2026

*‘सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता आयोजित, मधु कोड़ा और गीता कोड़ा ने विजेता छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित*

चाईबासा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा संकल्प अभियान के तहत केंद्रीय विद्यालय डांगुवापोसी में ‘सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने विकसित भारत की संकल्पना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों से संबंधित चित्र एवं विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों के चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और झारखंड भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद गीता कोड़ा शामिल हुईं। विद्यालय के प्राचार्य विकास कुमार सहित छात्र-छात्राएं, अभिभावक और नगर के प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

मधु कोड़ा ने विकसित भारत की परिकल्पना पर चर्चा करते हुए कहा कि बच्चों में राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने के साथ उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाना जरूरी है। उन्होंने दूरदराज के पहाड़ी, वन और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत बताई।

गीता कोड़ा ने कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए सभी की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की बात कही। उन्होंने गरीब कल्याण अन्न योजना, कौशल विकास योजना, किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख किया।

प्राचार्य विकास कुमार ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी प्रतिभा को निखरने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

चित्रकला के जूनियर वर्ग में मनिषका सोय प्रथम, निशा कुमारी द्वितीय और विवेक कुमार तृतीय रहे। सीनियर वर्ग में श्याम बारिक प्रथम, अनिरबन कैवर्त द्वितीय और देविका पुरती तृतीय रहीं। भाषण के जूनियर वर्ग में प्रिया गोप प्रथम, पिहु प्रजापति द्वितीय और अनम परवीन तृतीय रहीं। सीनियर वर्ग में स्मृति सिन्हा प्रथम और रिया कुमारी साह द्वितीय रहीं।

मौके पर उप प्रमुख भरत गोप, जीतू गुप्ता, परमेश्वर महतो, पीके सेट्ठी, रविराज दास, नवल सिंह, सुशीला नायक, संतोष पान, रंजन गोप, रविन्द्र बेहरा, बसंत गोप, अमित महापात्र सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Post