जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में मंगलवार को टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) के वरीय चिकित्सकों और चैम्बर सदस्यों के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में टीएमएच की महाप्रबंधक (मेडिकल सर्विसेस) डॉ. विनीता सिंह के नेतृत्व में 14 वरीय चिकित्सकों की टीम शामिल हुई। इस दौरान शहर में उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता, मरीजों की सुविधा और अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चर्चा हुई।
कार्यक्रम की शुरुआत चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कहा कि टीएमएच जमशेदपुर के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान है और मरीजों का अस्पताल पर भरोसा है। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की गुणवत्ता और मरीजों की सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का संचालन मानद महासचिव पुनीत कांवटिया ने किया। उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी’ ने मरीजों की सुविधा से जुड़े विभिन्न सुझाव टीएमएच प्रबंधन के समक्ष रखे।
चैम्बर ने रखे मरीजों की सुविधा से जुड़े सुझाव
चैम्बर की ओर से अस्पताल में पार्किंग क्षेत्र से अस्पताल तक टोटो या ई-रिक्शा सेवा शुरू करने, इमरजेंसी में प्रतीक्षा समय कम करने, विजिटर पार्किंग की क्षमता बढ़ाने और जांच एवं निदान की प्रक्रिया को तेज करने का सुझाव दिया गया।
इसके अलावा हृदय रोगियों और उनके परिजनों के लिए अलग कार्डियक वेटिंग हॉल, सभी वेटिंग एरिया में पर्याप्त पंखे और पेयजल, जरूरी दवाइयों की उपलब्धता तथा प्रमुख चिकित्सा क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने की मांग रखी गई। गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी विभाग में डीएम स्तर के विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति का सुझाव भी दिया गया।
तीन महीने में शुरू हो सकती है टोटो सेवा
टीएमएच की महाप्रबंधक डॉ. विनीता सिंह ने चैम्बर की ओर से उठाए गए मुद्दों पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्किंग क्षेत्र से अस्पताल तक टोटो या ई-रिक्शा सेवा शुरू करने का लक्ष्य अगले तीन महीनों में रखा गया है।
इमरजेंसी में प्रतीक्षा समय कम करने के सुझाव पर उन्होंने कहा कि इस दिशा में भी आवश्यक सुधार किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर में नए भवनों का निर्माण चल रहा है और इनके पूरा होने के बाद विजिटर पार्किंग की व्यवस्था में सुधार होगा।
जांच और कार्डियक सुविधाओं में विस्तार
डॉ. विनीता सिंह ने बताया कि जांच में लगने वाले समय को कम करने के लिए नई हाई-पावर मशीन लगाने की दिशा में काम किया जा रहा है। हृदय रोगियों और उनके परिजनों के लिए अलग कार्डियक वेटिंग हॉल बनाने का भी आश्वासन दिया गया।
उन्होंने बताया कि अस्पताल के वेटिंग एरिया में सेल्फ-सर्विस के लिए लगी छह वेंडिंग मशीनों की संख्या बढ़ाकर 15 की जाएगी। साथ ही कैफेटेरिया बनाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। दवाइयों की उपलब्धता से जुड़ी शिकायतों की निगरानी की जा रही है।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने की तैयारी
टीएमएच प्रबंधन के अनुसार प्रमुख चिकित्सा क्षेत्रों में सुपर-स्पेशलिस्ट चिकित्सक उपलब्ध हैं। फिजिशियन की कमी को भी दूर करने की दिशा में काम किया जा रहा है। गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी विभाग में वर्तमान में दो विशेषज्ञ चिकित्सक हैं और भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाने की योजना है।
‘साथी’ ऐप से अपॉइंटमेंट और रिपोर्ट की सुविधा
कार्यक्रम के दौरान टीएमएच की ओर से एलईडी स्क्रीन के माध्यम से अस्पताल की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि ‘साथी’ ऐप के माध्यम से मरीज डॉक्टरों का अपॉइंटमेंट लेने के साथ अपनी जांच रिपोर्ट भी देख सकते हैं।
टीएमएच प्रबंधन ने बताया कि जनवरी तक उपचार से जुड़ी आधुनिक मशीनों की संख्या बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जमशेदपुर और राज्य के मरीजों को उच्चस्तरीय इलाज के लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत को कम करना है।
स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज की जरूरत पर जोर
पूर्व अध्यक्ष निर्मल काबरा ने टीएमएच में अपने उपचार के अनुभव साझा करते हुए चिकित्सकों के व्यवहार और सहयोग की सराहना की। वहीं पूर्व अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि शहर में ऐसी चिकित्सा सुविधाएं विकसित होनी चाहिए, जिससे मरीजों को इलाज के लिए बड़ी राशि खर्च कर दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़े।
उन्होंने कहा कि बेहतर चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से मरीजों को सुविधा मिलेगी और इलाज पर खर्च होने वाला पैसा भी स्थानीय अर्थव्यवस्था में बना रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में उपाध्यक्ष हर्ष बाकरेवाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष अनिल मोदी, राजीव अग्रवाल, सचिव भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, विनोद शर्मा, पूर्व अध्यक्ष जी.आर. गोलछा, मनोज गोयल, नंदकिशोर अग्रवाल, सीए प्रतीक अग्रवाल, दीपक चेतानी, दिलीप अग्रवाल, सुनील जवनपुरिया, राहत हुसैन, बिमल बाकरेवाल, कमल मकाती, नवलकिशोर वर्णवाल, विजय रिंगसिया, मुकेश शर्मा, उमंग झुनझुनवाला, उमंग अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, अधिवक्ता पंकज झा, अधिवक्ता सतीश सिंह, राहुल चौधरी समेत बड़ी संख्या में चैम्बर सदस्य मौजूद रहे।

