Breaking
Tue. Sep 22nd, 2026

सीएसपी लूट के दौरान ग्रामीणों ने दो अपराधियों को दबोचा, हथियार व लूटी गई रकम बरामद

पलामू। लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के गोपालगंज स्थित झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक के रोहित ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में सोमवार को लूटपाट करने पहुंचे दो अपराधियों को सीएसपी संचालक और ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इस दौरान अपराधियों द्वारा फायरिंग किए जाने की भी सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को ग्रामीणों की भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरहसी थाना क्षेत्र के पतीला गांव निवासी 21 वर्षीय पवन कुमार सिंह और बजलपुर गांव निवासी 20 वर्षीय रामबीर सिंह के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक देशी पिस्टल, पांच जिंदा गोलियां, एक खोखा, सीएसपी से लूटे गए 7,100 रुपये, नोकिया का की-पैड मोबाइल, काले रंग का बैग, एक तौलिया और एक गमछी बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल से लूटी गई पल्सर मोटरसाइकिल संख्या जेएच03एक्यू3836 भी बरामद की है। बताया गया कि अपराधियों ने चेहरा छिपाने के लिए तौलिया और गमछी का इस्तेमाल किया था।

पूछताछ में पवन कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि करीब दो माह पहले उसने अपने सहयोगी राजा सिंह, निवासी जोरकट, सदर थाना क्षेत्र, पलामू के साथ मिलकर पांकी थाना क्षेत्र के तेतराई स्थित सीएसपी तथा मनातू थाना क्षेत्र के सेमरी मोड़ स्थित सीएसपी में पिस्टल का भय दिखाकर लूटपाट की थी। पुलिस इन दोनों घटनाओं के संबंध में भी आगे की कार्रवाई कर रही है।

मामले में लेस्लीगंज थाना कांड संख्या 135/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 317(5), 309(4) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26, 27 और 35 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार पवन कुमार सिंह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ तरहसी तथा बरवाडीह थानों में मामले दर्ज हैं। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

कार्रवाई में लेस्लीगंज (पांकी) के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज थाना के पुलिस अवर निरीक्षक सुबीर किस्कू, सहायक अवर निरीक्षक हरेन्द्र पासवान, रिजर्व गार्ड और चालक शामिल थे।

Related Post