Breaking
Tue. Sep 22nd, 2026

हर थाना क्षेत्र में बनेगी निगरानी समिति, सट्टेबाजी और ड्रग्स के खिलाफ सरयू राय ने शुरू किया अभियान

जमशेदपुर। जमशेदपुर में सट्टेबाजी, जुआ और ड्रग्स के बढ़ते प्रभाव के खिलाफ जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने व्यापक अभियान चलाने की घोषणा की है। इसके तहत शहर के प्रत्येक थाना क्षेत्र में निगरानी समिति गठित की जाएगी। समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में सट्टेबाजी और ड्रग्स से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखने के साथ पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करेंगी। विधायक सरयू राय ने कहा कि यदि पुलिस-प्रशासन दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ कार्रवाई करे तो जमशेदपुर में सट्टेबाजों और ड्रग्स माफियाओं के लिए काम करना मुश्किल हो जाएगा।

सोमवार की रात बारीडीह स्थित अपने कार्यालय में सट्टेबाजी एवं ड्रग्स के दुष्प्रभाव विषय पर आयोजित विशेष गोष्ठी में सरयू राय ने यह बात कही। गोष्ठी के दौरान ‘सट्टेबाजी एवं ड्रग्स के दुष्प्रभाव क्रांति दल’ का गठन किया गया। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी मनोज सिंह को अभियान का संयोजक बनाया गया है। सरयू राय ने कहा कि सट्टेबाजी और नशीले पदार्थों का कारोबार केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर समाज और युवाओं पर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पहले हब्बा-डब्बा और सट्टेबाजी जैसी गतिविधियां छिपकर की जाती थीं, लेकिन अब कई जगहों पर खुलेआम ऐसी गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों में दबंग और प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता की भी शिकायतें मिलती हैं। सरयू राय ने कहा कि यदि कानून का प्रभावी तरीके से पालन कराया जाए तो ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “भूत भगाने के लिए सरसों छींटा जाता है, पर जब सरसों में ही भूत घुस जाए तो स्थिति बड़ी विचित्र हो जाती है।”

सरयू राय ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सट्टेबाजी और ड्रग्स के खिलाफ आवाज उठाना नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को साथ जोड़कर इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने घोषणा की कि महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को ‘विचार क्रांति महोत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें सट्टेबाजी और ड्रग्स की समस्या के कारणों तथा इसके निवारण के उपायों पर व्यापक चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्ध और जागरूक नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा।

अभियान के संयोजक मनोज सिंह ने कहा कि पूरे जमशेदपुर में इसे चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा। स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों में सेमिनार आयोजित कर विद्यार्थियों और युवाओं को सट्टेबाजी, जुआ तथा ड्रग्स के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा नगर और मोहल्ला स्तर पर स्थानीय युवाओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों को जोड़कर संयोजन समितियां बनाई जाएंगी। ये समितियां अपने क्षेत्रों में ऐसी गतिविधियों की जानकारी जुटाने और पुलिस-प्रशासन तक सूचना पहुंचाने में सहयोग करेंगी।

मनोज सिंह ने बताया कि अभियान के तहत एमएलए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा। इस नंबर पर मिलने वाली शिकायतों में शिकायतकर्ता की गोपनीयता बनाए रखने की व्यवस्था की जाएगी। संयोजन समितियां स्थानीय पुलिस और प्रशासन के संपर्क में रहकर आवश्यक सहयोग लेंगी।

गोष्ठी में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सट्टेबाजी, जुआ और ड्रग्स के कारण समाज पर पड़ रहे प्रभाव तथा स्थानीय स्तर पर सामने आ रही समस्याओं को साझा किया। कार्यक्रम में मनोज सिंह, अनिल तिवारी, सतीश सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, भीम सिंह, संजीव कुमार धानु, केपी सिंह, शेषनाथ पाठक, अनंत ठाकुर, दीपू ओझा, प्रलय दास, शंकर कर्मकार, अभय सिंह, विवेक पांडेय, अजय कुमार, मंजु सिंह, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, सुधीर सिंह, संजय ठाकुर, विनय कुमार, सुनील सिंह, संतोष चौहान, हेमंत पाठक, पप्पू सिंह, मुकेश सिंह, कुलविंदर पन्नू, अर्जुन यादव, तारक मुखर्जी, विजय सिंह, उषा यादव, संतोष भगत, पिंटू सिंह, भवानी सिंह, जीतू सिंह, असीम पाठक, साकेत गौतम, सुशील खड़का, अनिकेत सावरकर, शिरिन अख्तर, शमशद खान, लालु गौड़, चन्द्रशेखर राव, अमित गिरी, पंकज पटेल, दिनेश कुमार, गोल्डन पाण्डेय, दीपक गौड़, बबलु सिंह, दुर्गा राव, अतुल सिंह, पवन सिंह, अमित तिर्की और संजय सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे।

Related Post