Breaking
Sat. Sep 19th, 2026

*टाटा कॉलेज और कॉमर्स कॉलेज में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज का आयोजन*

चाईबासा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की सेवा यात्रा के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को टाटा कॉलेज और कॉमर्स कॉलेज चाईबासा में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा, नवाचार और तकनीकी सोच को जनसेवा से जोड़ते हुए स्थानीय समस्याओं के व्यावहारिक समाधान को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू, चंद्रमोहन तियू, हर्ष रवानी, राकेश पोद्दार, प्रताप कटियार और जय किशन बिरुली सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

टाटा कॉलेज में प्राचार्य डॉ. अमर सिंह, प्रो. ब्रजेश कुमार, डॉ. श्याम सौरव, प्रो. बी.आर. साहू, डॉ. विनीता कच्छप और प्रो. अर्जुन बिरुवा सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। वहीं कॉमर्स कॉलेज में प्राचार्य डॉ. भूषण कुमार सिंह, डॉ. प्रो. मुरारी लाल वैद्य, डॉ. बसंती कालुंदिया, प्रो. जी.वी.आर. शास्त्री, प्रो. पूजा साहू और चंद्रमोहन सवैया सहित शिक्षाविदों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं, विद्यार्थियों और नवप्रवर्तकों को स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनके तकनीकी और समाजोपयोगी समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि युवा केवल रोजगार पाने वाले नहीं, बल्कि नए रोजगार और समाधान पैदा करने वाले भी बन सकते हैं। इसके लिए शिक्षण संस्थानों में नवाचार को बढ़ावा देना जरूरी है।

बड़कुंवर गागराई ने कहा कि सेवा का मतलब केवल जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना नहीं है, बल्कि समाज की समस्याओं का स्थायी समाधान तलाशना भी है। युवाओं की प्रतिभा, तकनीक और नवाचार को जनसेवा से जोड़कर स्थानीय समस्याओं के समाधान विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को अपनी क्षमता का सामाजिक उपयोग करने का अवसर देते हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा एवं जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

आयोजकों ने बताया कि ‘समस्या की पहचान से समाधान तक, नवाचार के माध्यम से जनसेवा’ इस पहल की मुख्य भावना है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को अपनी कल्पनाशक्ति और तकनीकी क्षमता का उपयोग समाजहित में करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी जितेंद्र नाथ ओझा सहित अन्य कार्यकर्ता और विद्यार्थी उपस्थित थे।

Related Post