जमशेदपुर: बाज़ार में छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से चलाए जा रहे सिक्का वितरण अभियान के तहत गोलमुरी बाजार में ढाई लाख रुपये मूल्य के सिक्कों का वितरण किया गया। यह सिक्का वितरण बैंक ऑफ बड़ौदा, बिष्टुपुर के सहयोग से किया गया।
इस दौरान सिंहभूम चैंबर के उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी, सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भारत मकानी, बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारी नीरज प्रसाद और चैंबर कार्यसमिति सदस्य अमिश अग्रवाल मौजूद रहे।
चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि बाजार में छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों की उपलब्धता व्यापारियों के साथ-साथ ग्राहकों के लिए भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सिक्कों को लेकर व्यापारियों को होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए चैंबर लगातार बैंकों के साथ समन्वय कर रहा है।
उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने बताया कि व्यापारियों को सिक्के प्राप्त करने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत अब तक करीब 65 लाख रुपये मूल्य के सिक्कों का वितरण किया जा चुका है। बैंकिंग संस्थानों के सहयोग से आगे भी अलग-अलग बाजारों में सिक्का वितरण जारी रखने की योजना है।
सचिव भारत मकानी ने कहा कि सिक्का वितरण अभियान को व्यापारियों का सकारात्मक सहयोग मिल रहा है। उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा समेत सहयोगी बैंकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि चैंबर का प्रयास है कि व्यापारियों को उनकी रोजमर्रा की कारोबारी जरूरत के मुताबिक सिक्के आसानी से उपलब्ध हो सकें। उन्होंने अन्य बैंकों से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की।

