कांड्रा। सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में एचपी पेट्रोल पंप के सामने रेलवे लाइन के किनारे शनिवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव रेलवे पोल संख्या 389/एस11 और 389/एस13 के बीच मिला है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। युवक के सिर के दाहिने हिस्से में चोट के निशान पाए गए हैं, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे एक मालगाड़ी के चालक ने अप रेलवे लाइन पर एक युवक का शव पड़े होने की सूचना रेलवे कंट्रोल रूम को दी थी। सूचना मिलने के बाद कांड्रा आरपीएफ की टीम रात में ही मौके पर पहुंची। रेलवे परिचालन को देखते हुए आरपीएफ जवानों ने शव को अप लाइन से हटाकर रेलवे ट्रैक के किनारे कर दिया।
शनिवार सुबह कांड्रा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में भी सूचना भेजने के साथ अन्य स्तरों पर प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक रेलवे लाइन तक किस परिस्थिति में पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत किसी ट्रेन की चपेट में आने से हुई है अथवा किसी अन्य वजह से उसकी जान गई है। सिर पर मिले चोट के निशान को भी जांच का महत्वपूर्ण बिंदु माना जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

