सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह और उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने खरसावां थाना क्षेत्र के पचगछिया, रहारबेड़ा और नारायणडीह गांव में सघन छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने 70 लीटर महुआ चुलाई शराब और 15.60 लीटर अवैध बीयर बरामद की।
उत्पाद विभाग को क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने तीनों गांवों में एक साथ अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान अवैध शराब से जुड़े दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। वहीं, एक अन्य आरोपी टीम को देखकर मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विभाग की ओर से संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
बरामद महुआ चुलाई शराब और बीयर को उत्पाद विभाग ने जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ प्रशासन का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।

