इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में गणेश उत्सव के जुलूस के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आजाद नगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात चाकूबाजी की घटना में दो नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान 16 वर्षीय कृष्णा पंवार की मौत हो गई, जबकि उसका साथी साहिल कजोले गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती है। घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी की पहचान कुशाल उर्फ कुणाल के रूप में की है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
आजाद नगर थाना प्रभारी लोकेश भदौरिया के अनुसार, असरावद खुर्द निवासी कृष्णा पंवार और उसका साथी साहिल कजोले गणेश उत्सव के जुलूस में शामिल होने तेजाजी नगर से आजाद नगर पहुंचे थे। जुलूस में नौ से अधिक डीजे वाहन शामिल थे। दोनों युवक जयदीप डीजे की गाड़ी के पीछे नाच रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका कुशाल उर्फ कुणाल नामक युवक से विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चाकू निकालकर कृष्णा की छाती पर वार कर दिया। चाकू लगने से कृष्णा मौके पर गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए साहिल आगे आया तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात कृष्णा ने दम तोड़ दिया। साहिल का आईसीयू में उपचार जारी है।
परिजनों के अनुसार कृष्णा और साहिल के परिवार मजदूरी करते हैं। दोनों नाबालिग भी परिवार के साथ मकान निर्माण से जुड़े काम में हाथ बंटाते थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर नामजद आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जुलूस के दौरान मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।

