Breaking
Sun. Sep 13th, 2026

नो-एंट्री में भारी वाहनों को पास देने वालों पर हत्या का मुकदमा हो : अप्पू तिवारी

जमशेदपुर। एग्रिको चौक के समीप रविवार की शाम तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से पिता और पुत्र की मौत होने की घटना ने शहर की यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के बाद आजसू नेता अप्पू तिवारी ने नो-एंट्री के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर कड़ी आपत्ति जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की है।

अप्पू तिवारी ने कहा कि शहर में भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री लागू रहने के बावजूद यदि हाइवा सड़क पर दौड़ रहा था, तो यह पता लगाया जाना चाहिए कि उसे किसके आदेश या अनुमति से प्रवेश मिला। उन्होंने कहा कि नो-एंट्री के दौरान भारी वाहनों को पास देने की व्यवस्था की भी जांच होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि किसी अधिकारी की लापरवाही या नियमों की अनदेखी के कारण भारी वाहन शहर में प्रवेश करता है और उससे किसी व्यक्ति की मौत होती है, तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति पर कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे मामलों में गैर इरादतन हत्या समेत हत्या के मुकदमे की संभावना की भी कानूनी जांच की जानी चाहिए।

उन्होंने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा नो-एंट्री व्यवस्था को सख्ती से लागू करने की मांग की।

Related Post