जमशेदपुर। श्रीनाथ विश्वविद्यालय में आयोजित टेक रूट 4.0 प्रतियोगिता में एनटीटीएफ के प्रशिक्षुओं ने तकनीकी कौशल, रचनात्मकता और तार्किक क्षमता का शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में छह पुरस्कार हासिल किए। प्रतियोगिता में पोस्टर प्रस्तुतीकरण, लोगो डिजाइन, वेबसाइट डिजाइन, साइबर सुरक्षा और सुडोकू जैसी स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिसमें एनटीटीएफ प्रशिक्षुओं ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
एनटीटीएफ के प्रबंधन प्रशासन अधिकारी वरुण कुमार ने बताया कि प्रशिक्षुओं ने अलग-अलग स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी तकनीकी दक्षता के साथ रचनात्मक सोच का परिचय दिया। पोस्टर प्रस्तुतीकरण में ई-1बी की सपना सिंह और नम्रता सिंह ने द्वितीय पुरस्कार हासिल किया। वहीं सी-2 के अनमोल झा ने लोगो डिजाइन में अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वेबसाइट डिजाइन प्रतियोगिता में सी-2 के अंकुश कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार जीता। साइबर सुरक्षा प्रतियोगिता में सी-2 के राजीव और सी-3 की सुप्रभा ने तकनीकी ज्ञान एवं साइबर सुरक्षा संबंधी समझ का प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। सुडोकू प्रतियोगिता में भी एनटीटीएफ प्रशिक्षुओं का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। एम-3ए के शुभम रंजन ने द्वितीय पुरस्कार और एम-3बी के अक्षय कुमार ने तृतीय पुरस्कार हासिल किया।
टेक रूट 4.0 में एनटीटीएफ प्रशिक्षुओं ने कुल दो प्रथम, तीन द्वितीय और एक तृतीय पुरस्कार जीतकर संस्थान का गौरव बढ़ाया। इस उपलब्धि पर संस्थान की ओर से सभी विजेताओं को बधाई दी गई। संस्थान ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं प्रशिक्षुओं को तकनीकी ज्ञान के साथ नवाचार, रचनात्मक सोच, समस्या समाधान और टीम भावना को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं। प्रशिक्षुओं ने अपनी सफलता का श्रेय मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास को दिया।

