रामगढ़। जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर शनिवार को पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में हुई बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू एवं रामगढ़, सभी अंचल निरीक्षक, थाना एवं ओपी प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए। बैठक की शुरुआत में पुलिस अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया और इसके बाद जिले में अपराध की स्थिति तथा पुलिस कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में शीर्षवार लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए उनके उद्भेदन, अभियुक्तों की गिरफ्तारी और मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया। अगस्त 2026 में दर्ज विशेष एवं सामान्य कांडों तथा निष्पादित मामलों की समीक्षा करते हुए सितंबर में दर्ज मामलों की तुलना में अधिक कांडों का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। दुष्कर्म और पोक्सो अधिनियम से जुड़े मामलों का 60 दिनों के भीतर निष्पादन करने, पासपोर्ट सत्यापन पांच दिनों में पूरा कर पोर्टल पर अपलोड करने तथा डायल-112 से प्राप्त शिकायतों पर नौ मिनट के भीतर कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने पांच, तीन और दो वर्ष से लंबित कांडों की अलग-अलग सूची तैयार कर लंबित कार्रवाई तेजी से पूरी करने को कहा। संगठित आपराधिक गिरोहों और जेल से बाहर आए अपराधियों का सत्यापन कर उनकी वर्तमान गतिविधियों की निगरानी तथा आवश्यकता के अनुसार निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। गैर-जमानती एवं स्थायी वारंट, फरार अभियुक्तों, इश्तेहार और कुर्की से संबंधित कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।
बैठक में चेन, मोबाइल और पर्स छिनतई, संपत्ति संबंधी अपराध, अनुसूचित जाति-जनजाति से जुड़े मामले, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के कांड, मालखाना, दागियों के सत्यापन तथा न्यायालय परिवादों की समीक्षा की गई। ई-साक्ष्य, सीसीटीएनएस, ई-डीएआर, आई-आरएडी और आईटीएसएसओ में लंबित मामलों की भी समीक्षा करते हुए अद्यतन प्रविष्टि और वैज्ञानिक अनुसंधान पर जोर दिया गया। सात वर्ष से अधिक सजा वाले मामलों में फोरेंसिक टीम से शीघ्र साक्ष्य संकलन कराने तथा 60 एवं 90 दिनों की निर्धारित अवधि में कांडों का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा निगरानी एवं सीसीए प्रस्ताव, गुंडा पंजी, पीआईटी एनडीपीएस के तहत कार्रवाई, जन शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन, चरित्र एवं सेवा सत्यापन तथा सड़क सुरक्षा के लिए नियमित वाहन जांच की समीक्षा की गई। अवैध खनन पर रोक लगाने और अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी तेज करने का भी निर्देश दिया गया। आगामी गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा और करमा पूजा को देखते हुए सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

