Breaking
Wed. Sep 9th, 2026

*गुमला में हाथी ने वृद्ध को कुचलकर मार डाला, ग्रामीणों में दहशत*

*गुमला :* जिले के भरनो थाना क्षेत्र अंतर्गत मारासिली पंचायत के महूगांव टंगरा टोली में बुधवार अहले सुबह हाथी के हमले में एक वृद्ध ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पहचान महूगांव टंगरा टोली निवासी शनि उरांव (65 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

बताया जाता है कि शनि उरांव बुधवार अहले सुबह शौच के लिए घर से कुछ दूरी पर स्थित झाड़ियों की ओर गए थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद हाथी के सामने वह आ गए। हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में लेकर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार, भरनो प्रखंड के विभिन्न इलाकों में लगातार हाथियों की आवाजाही बनी रहती है। गांव और आसपास के क्षेत्रों में हाथियों के पहुंचने से लोगों में हमेशा भय का माहौल रहता है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार लोग हाथियों को करीब से देखने या उन्हें भगाने का प्रयास करते हैं। इससे हाथी उग्र हो जाते हैं और मानव बस्तियों में घुसकर जान-माल को नुकसान पहुंचाते हैं।

घटना की सूचना वन विभाग और प्रशासन को दे दी गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने, लोगों को सतर्क करने और हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। साथ ही मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की भी मांग की गई है।

Related Post