Breaking
Wed. Sep 9th, 2026

विधायक पुत्र सौरभ कुमार के कथित अपहरण मामले में नौ नामजद, पुलिस अधिकारी के बेटे पर भी आरोप

रांची। राजधानी रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित अमिटी यूनिवर्सिटी के बाहर चतरा से लोजपा (रामविलास) विधायक जनार्दन पासवान के पुत्र सौरभ कुमार के साथ मारपीट, लूटपाट और कथित अपहरण के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में लक्की राज समेत कुल नौ लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद सौरभ कुमार को सकुशल बरामद कर लिया गया है और अब आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार नामजद आरोपियों में लक्की राज, आयुष मिश्रा, प्रकाश कुमार, रौनक सिंह, प्रीतम सिंह, राहुल बनिया, बाबू साहेब आयुष, शौर्या राज और रोहित सिंह उर्फ तोता शामिल हैं। इसके अलावा कुछ अज्ञात युवकों के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई गई है। मुख्य आरोपी लक्की राज को एक पुलिस दरोगा का पुत्र बताया जा रहा है।

बताया गया कि सात सितंबर की शाम करीब चार बजे सौरभ कुमार अपने सहपाठियों अमरदीप दुबे, अनमोल और रविशंकर के साथ अमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के पास मौजूद थे। इसी दौरान लक्की राज और अमरदीप के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद लक्की राज ने फोन कर बाहरी युवकों को बुलाया। कुछ ही देर में दो काले रंग की स्कॉर्पियो से कई युवक वहां पहुंचे और सौरभ व उनके साथियों के साथ मारपीट करने लगे।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने सौरभ के साथी अनमोल को धक्का देकर गिरा दिया और सौरभ को जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर अपने साथ ले गए। सौरभ ने आरोप लगाया है कि वाहन में उनके साथ मारपीट की गई और गला दबाने का प्रयास किया गया। इस दौरान उनका मोबाइल फोन और करीब 20 ग्राम की सोने की चेन भी छीन लिए जाने का आरोप है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद विधानसभा थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सौरभ की तलाश की और करीब दो घंटे के भीतर उन्हें सकुशल बरामद कर लिया।

मामले को लेकर घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिशें चलने की भी बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि करीब 24 घंटे तक मामले को आपसी सहमति से सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन समझौता नहीं होने के बाद मंगलवार की शाम प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

विधानसभा थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3), 127(2), 115(2), 351(2), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब नामजद आरोपियों के साथ-साथ घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Related Post