Breaking
Wed. Sep 9th, 2026

बीएसएल के कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग में सुरक्षा जागरूकता को लेकर नुक्कड़ नाटक का आयोजन

बोकारो स्टील प्लांट के कोक ओवन एवं कोल केमिकल (सीओसीसी) विभाग में कार्यस्थल पर सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने, सुरक्षित कार्य पद्धतियों को प्रोत्साहित करने तथा सुरक्षा संस्कृति को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज विभाग के कोल टावर-4 की टीम द्वारा एक प्रभावशाली ‘सुरक्षा नुक्कड़ नाटक’ प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर बोकारो स्टील प्लांट के अधिशासी निदेशक (संकार्य) मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ मुख्य महाप्रबंधक (सीओसीसी), मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) सहित सीओसीसी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं संविदा कर्मी उपस्थित रहे।

 

इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (संकार्य) ने सुरक्षा नुक्कड़ नाटक का अवलोकन किया तथा टीम द्वारा सुरक्षा जागरूकता के लिए किए गए इस सराहनीय एवं रचनात्मक प्रयास की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक एवं सहभागी गतिविधियां कर्मचारियों के बीच सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित कार्य व्यवहार को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सीओसीसी विभाग द्वारा सुरक्षा जागरूकता एवं सुरक्षित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए सभी कर्मियों से कार्यस्थल पर निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं, मानकों एवं दिशा-निर्देशों का सदैव पालन करने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम के दौरान ‘माई एरिया, माई रेस्पॉन्सिबिलिटी (My Area, My Responsibility)’ पहल के अंतर्गत विभाग के विभिन्न जोन में सुरक्षा के प्रति नेतृत्वकारी भूमिका निभाने तथा जागरूकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले ‘सेफ्टी कैप्टन्स (Safety Captains)’ को अधिशासी निदेशक (संकार्य) द्वारा सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया।

 

यह आयोजन कार्यस्थल पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा प्रत्येक कर्मी में सुरक्षा के प्रति व्यक्तिगत जिम्मेदारी एवं सजगता की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।

 

 

बीएसएल में ‘संगच्छध्वम् 2026’ के तहत हाउसकीपिंग प्रतियोगिता का आयोजन

 

बोकारो स्टील प्लांट के यूटिलिटीज विभाग में कार्यस्थल पर स्वच्छता, सुव्यवस्था एवं सुरक्षित कार्य वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘संगच्छध्वम् 2026’ पहल के तहत हाउसकीपिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य हाउसकीपिंग को कार्यस्थल की सुरक्षा संस्कृति का अभिन्न अंग बनाते हुए कर्मचारियों में स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित कार्यस्थल के प्रति जागरूकता तथा उत्तरदायित्व की भावना को और सुदृढ़ करना है।

 

प्रतियोगिता के अंतर्गत मुख्य महाप्रबंधक (यूटिलिटीज) द्वारा यूटिलिटीज विभाग के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित पोस्टों का निरीक्षण किया गया। इनमें सीईडी के मिल्स पोस्ट, एसीवीएस के सीसीपी-3, कंप्रेसर प्लांट, डब्ल्यूएमडी के पंपहाउस-4 तथा गैस यूटिलिटी के गैस फिलिंग स्टेशन क्षेत्र शामिल थे। निरीक्षण के दौरान कार्यस्थलों की स्वच्छता एवं सुव्यवस्था, सामग्री के व्यवस्थित रखरखाव तथा सुरक्षा की दृष्टि से हाउसकीपिंग की समग्र स्थिति का जायजा लिया गया। निर्धारित मानदंडों एवं आवश्यकताओं के आधार पर सभी चयनित पोस्टों का मूल्यांकन किया जाएगा तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पोस्टों को पुरस्कृत किया जाएगा।

 

इस प्रतियोगिता के माध्यम से कर्मचारियों को कार्यस्थल पर स्वच्छता, सुव्यवस्था एवं सुरक्षित कार्य-पद्धतियों को अपनी दैनिक कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। यह पहल इस संदेश को और सुदृढ़ करती है कि स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित कार्यस्थल न केवल बेहतर कार्य वातावरण का परिचायक है, बल्कि दुर्घटनाओं की रोकथाम, संभावित जोखिमों को कम करने तथा सुदृढ़ सुरक्षा संस्कृति के निर्माण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण आधार है।

Related Post