चतरा। जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के सिदपा गांव में एक प्रेमी जोड़े को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों और उपद्रवियों ने पथराव कर दिया। घटना में टंडवा थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा और चतरा सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव घायल हो गए। दोनों का इलाज एनटीपीसी अस्पताल में कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सिदपा गांव में ग्रामीणों ने एक आदिवासी महिला और एक युवक को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा था। इसके बाद दोनों को एस्बेस्टस की छत वाले एक मकान में बंद कर दिया गया। इसी दौरान युवक के कुछ सहयोगियों ने मकान की छत तोड़कर उसे बाहर निकालने का प्रयास किया। मामले की सूचना मिलने पर टंडवा थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस के पहुंचते ही स्थिति बिगड़ गई और उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले में थाना प्रभारी पप्पू शर्मा के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। वहीं सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव के गर्दन और हाथ में चोट लगी। दोनों अधिकारियों को तत्काल एनटीपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के दौरान पुलिस को अपनी सुरक्षा के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी या नहीं, इस संबंध में आधिकारिक रूप से अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने दोनों थाना प्रभारियों के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि हवाई फायरिंग किए जाने की बात की जांच के बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
घटना के बाद सिदपा गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बड़वार और चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन के संयुक्त नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल को गांव में भेजा गया है। पुलिस लाइन से स्पेशल फोर्स के अलावा आसपास के थानों से भी जवानों को मौके पर बुलाया गया है। पूरे इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस मामले में शामिल लोगों की पहचान करने के साथ घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार कैंप कर रहा है।

