चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के 15 सदस्यीय एथलेटिक्स दल को तीसरी जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए चक्रधरपुर से चंदनकियारी, बोकारो रवाना किया गया। दल में 14 खिलाड़ी और एक कोच शामिल हैं। प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्ग और स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले और चयनित खिलाड़ी आगामी पूर्वी क्षेत्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसे देखते हुए जिले के खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
अंडर-18 बालक वर्ग में बिंडराय पूर्ति और सुदेश सवैया 1000 मीटर दौड़ में, जबकि राहुल कालुंडिया जैवलिन थ्रो में हिस्सा लेंगे। अंडर-18 बालिका वर्ग में यश्मिता कुमारी गोंड 200 मीटर और लंबी कूद, प्रतिका महतो 100 मीटर और 1000 मीटर, पूजा महतो 1000 मीटर, बुधनी बोदरा 100 मीटर और 200 मीटर तथा रेशमी गुइया 400 मीटर स्पर्धा में भाग लेंगी।
अंडर-20 बालक वर्ग में सामू गोप 800 और 1500 मीटर, गोंडों मुंडा 1500 और 3000 मीटर, राम महतो 400 मीटर, लक्ष्मण महतो 100 और 200 मीटर, मनमोहित सिंह सिरका 3000 और 5000 मीटर तथा मंगल सिंह सवैया जैवलिन थ्रो में अपना प्रदर्शन करेंगे।
दल के साथ कोच संजीव कुमार बाहंदा भी चंदनकियारी रवाना हुए हैं। पश्चिमी सिंहभूम एथलेटिक्स एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि जिले के खिलाड़ी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर पश्चिमी सिंहभूम का नाम रोशन करेंगे और झारखंड की टीम में जगह बनाकर राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खिलाड़ियों को पश्चिमी सिंहभूम एथलेटिक्स एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक सह सांसद जोबा माझी, संरक्षक सह विधायक जगत माझी, मुकुंद रुंगटा, अध्यक्ष नितिन प्रकाश, उपाध्यक्ष निरज संदवार, बलराज हिंदवार, महासचिव अजय नायक, संयुक्त सचिव काश्मीर कांडेयांग, अर्जुन महाकुड, विजय वानरा, ओंकार महतो एवं जिले के खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं दीं।

