Breaking
Mon. Sep 7th, 2026

*संत शिरोमणि बाबा गणिनाथ गोविंद का जन्मोत्सव 19 सितंबर को*

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत बड़ाजामदा बाजार स्थित हनुमान मंदिर परिसर में संत शिरोमणि बाबा गणिनाथ गोविंद के जन्मोत्सव को लेकर मध्यदेशीय समाज के लोगों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता समाज के गणमान्य सदस्य काशीनाथ गुप्ता ने की।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी बाबा गणिनाथ गोविंद का जन्मोत्सव 19 सितंबर, शनिवार को बड़ाजामदा स्थित गणिनाथ मंदिर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। जन्मोत्सव को लेकर समाज के लोगों ने तैयारियों पर चर्चा की और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक जिम्मेदारियों पर विचार-विमर्श किया।

बैठक में गणिनाथ मंदिर के अधूरे निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने पर भी चर्चा हुई। समाज के सदस्यों ने कहा कि मंदिर निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए आपसी सहयोग से प्रयास किया जाएगा।

इसके अलावा समाज के युवक-युवतियों के विवाह संबंधों को सुगम बनाने के उद्देश्य से एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्णय लिया गया। इस ग्रुप में समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के बायोडाटा साझा किए जाएंगे। इससे समाज के लोगों को योग्य वर-वधू की तलाश में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

बैठक में समाज की एकता और आपसी संबंधों को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। सदस्यों ने कहा कि सामाजिक विषयों पर चर्चा और आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए प्रत्येक माह समाज की बैठक आयोजित की जानी चाहिए। नियमित बैठक से समाज के लोगों के बीच संवाद, सहयोग और भाईचारा मजबूत होगा।

बैठक में मनीष गुप्ता, धर्मेंद्र गुप्ता, मणि शंकर प्रसाद, दीपक गुप्ता, अमित गुप्ता, मदन गुप्ता, धनंजय गुप्ता, राजेश कुमार गुप्ता, प्रहलाद प्रसाद गुप्ता, रमेश गुप्ता, जितेंद्र प्रसाद, विनोद गुप्ता, अशोक प्रसाद गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Related Post