चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के भाजपा कुमारडुंगी मंडल पूर्वी भाग की मासिक बैठक अंधारी बाजार परिसर में मंडल अध्यक्ष रामेश्वर सिंकु की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्य अतिथि भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई उपस्थित रहे। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ एवं पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को बूथ और पंचायत स्तर तक सक्रिय रहते हुए संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने शक्ति केंद्र और बूथ समितियों के गठन को समय पर पूरा करने तथा प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने पर विशेष जोर दिया।
बड़कुंवर गागराई ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए केवल बैठकों तक सीमित रहने के बजाय कार्यकर्ताओं को लगातार जनता के बीच रहकर काम करना होगा। पंचायत और बूथ स्तर पर लोगों की समस्याओं को समझने के साथ ही केंद्र सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देनी चाहिए। पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने में भी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बैठक में शक्ति केंद्र एवं बूथ समिति गठन, SIR तथा अन्य संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया गया। बैठक में संगठन की मजबूती, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को लेकर कार्ययोजना तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मंडल प्रभारी सह जिला महामंत्री भूषण पाठ पिंगुवा ने संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से निर्धारित कार्यक्रमों को समय पर पूरा करने की बात कही। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय बनाने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय सिंह पिंगुवा, भूपेंद्र नायक, नारायण हेमब्रम, विनय दास, दामुराम पिंगुवा, धनश्याम हेमब्रम, दीपक पोद्दार, धनश्याम हेससा, लक्ष्मण सिंकु, आनंद सिंकु सहित शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, सह-संयोजक और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बैठक के अंत में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को बूथ एवं पंचायत स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्णय लिया गया।

