चतरा : पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, चतरा में राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह उत्साह एवं खेल भावना के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि केंद्रीय विद्यालय संगठन, रांची संभाग के उपायुक्त एस.बी. जोगलेकर ने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की। मुख्य अतिथि ने मेजर ध्यानचंद के जीवन, उपलब्धियों और भारतीय खेल जगत में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण, नियमित अभ्यास और खेल भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नियमित रूप से खेलों में भाग लेने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। समारोह में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय पतरातू के प्राचार्य एवं पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय रामगढ़ के उप-प्राचार्य की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय के प्राचार्य मंटू कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 9 के सुमित कुमार ने मंच संचालन किया, जबकि कक्षा 8 की सोनाक्षी ने विद्यार्थियों को खेल दिवस की शपथ दिलाई। निक्की कुमारी ने मेजर ध्यानचंद के जीवन के बारे में जानकारी दी। वहीं टिंकू कुमार ने प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों को मेजर ध्यानचंद की जीवनी और उपलब्धियों से अवगत कराया।
खेल शिक्षक धीरज खलखो के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल एवं शारीरिक दक्षता प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने 50 मीटर, 80 मीटर एवं 100 मीटर दौड़ में हिस्सा लिया। इसके अलावा इंटर हाउस कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित हुई। माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए पुश-अप एवं प्लैंक प्रतियोगिताएं कराई गईं।
समारोह का विशेष आकर्षण शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच हुआ मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मुकाबला रहा, जिसमें विद्यार्थियों की टीम ने जीत दर्ज की। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना देखने को मिली। विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सहयोग से समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, अनुशासन, टीम भावना, नियमित व्यायाम और खेलों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर दौड़े नन्हे खिलाड़ी, विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चतरा में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन, मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच में विद्यार्थियों की टीम विजयी

