Breaking
Sun. Aug 30th, 2026

सरायकेला में चोरी के सामान के साथ महिला गिरफ्तार, पांच मोबाइल समेत दो लाख के आभूषण बरामद

सरायकेला। जिले में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और पुराने मामलों के शीघ्र खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आमदा ओपी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 30 अगस्त को आमदा स्थित गुलगुलिया बस्ती में छापेमारी कर एक घर से चोरी के आभूषण और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गुलगुलिया गिरोह की कथित महिला सदस्य तुयू मोदी उर्फ दुर्गा श्री मोदी (22) को गिरफ्तार किया है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम को गुप्त सूचना और तकनीकी जानकारी के आधार पर गुलगुलिया बस्ती में चोरी के सामान छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस टीम ने अरुण मोदी उर्फ बीफे मोदी के घर पर छापेमारी कर तलाशी शुरू की।

तलाशी के दौरान घर में रखे टीन के बक्से के पीछे जमीन में छिपाकर रखा गया एक पीले रंग का झोला बरामद हुआ, जिस पर ‘फ्रीडम मॉल’ लिखा था। झोले के अंदर कपड़ों के साथ प्लास्टिक की पोटली में चांदी जैसे दिखने वाले आभूषण रखे मिले। इनमें पायल, चेन, ताबीज, अंगूठी, बिछिया सहित अन्य आभूषण शामिल थे। इसके अलावा पुलिस को सिटी गोल्ड के गहने भी मिले।

घर की आगे की तलाशी में दो अलग-अलग बक्सों से विभिन्न कंपनियों के पांच स्क्रीन टच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद आभूषण और मोबाइल फोन के संबंध में दस्तावेज मांगे, लेकिन घर में मौजूद महिला कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सकी।

पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर तुयू मोदी उर्फ दुर्गा श्री मोदी ने बरामद सामान के चोरी का होने की जानकारी दी और पुलिस के समक्ष इसे अलग-अलग स्थानों से चोरी किए जाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने बरामद सामान को जब्त करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में खरसावां थाना में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

छापेमारी अभियान में आमदा ओपी प्रभारी राम रेखा पासवान, एसआई योगेश रजक, एएसआई रोपना राम कांशी, आरक्षी राजेंद्र नाथ किस्कू और बिश्वनाथ ठाकुर शामिल थे। पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है और गिरोह के दूसरे सदस्यों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास जारी है।

Related Post