बोकारो :- पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र में आईटीआई मोड़ से उकरीद मोड़ के बीच पिपराटांड़ के पास गुरुवार को एनएच सड़क पर दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रक ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान विक्रम उर्फ चीकू के रूप में बताई जा रही है। हालांकि, वह कहां का रहने वाला था, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल सकी है।
घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश:
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने दोपहर करीब 12 बजे से डेढ़ बजे तक मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पिंड्राजोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर अवैध तरीके से कोयला लदे वाहनों का परिचालन होता है। भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने ऐसे वाहनों के परिचालन पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार, मार्ग पर गलत दिशा से वाहनों की आवाजाही, अंधेरा और कट प्वाइंटों पर यातायात पुलिस व प्रकाश व्यवस्था का अभाव भी हादसों का कारण बन रहा है।

