चाईबासा: स्कूलों और सामाजिक संस्थाओं की बहनों ने अधिकारियों व जवानों को बांधी राखी
चाईबासा। रक्षाबंधन के अवसर पर सीआरपीएफ 174 बटालियन के मुख्यालय एवं कैंप परिसर में गुरुवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कमाण्डेन्ट मनोज डंग के दिशा-निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी जितेन्द्र कुमार की उपस्थिति में विभिन्न स्कूलों एवं सामाजिक संस्थानों से पहुंचीं बहनों ने अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर राखी बांधी।
चाईबासा स्थित सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल में प्राचार्य जी.पी. मिश्रा के नेतृत्व में विद्यालय की छात्राओं ने 174 बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। छात्राओं ने द्वितीय कमान अधिकारी जितेन्द्र कुमार, उप कमान अधिकारी धर्मेन्द्र नारायण सिंह, उप कमान अधिकारी शांति किस्कू, चिकित्सा अधिकारी संदीप चेट्टापल्ली, निरीक्षक पतित पावन दास सहित जवानों की कलाई पर राखी बांधी।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान भी प्रस्तुत किया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपने संबोधन में सीआरपीएफ के कार्यों और जवानों की बहादुरी की सराहना की। कार्यक्रम में रक्षाबंधन के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आपसी स्नेह का प्रतीक है। राखी केवल एक धागा नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच जुड़ी भावनाओं और रिश्ते की मजबूती का प्रतीक है।
इसके अलावा सेंट मैरी पब्लिक स्कूल चाईबासा की प्राचार्य आईसा शामी, इनरव्हील क्लब ऑफ चाईबासा की अध्यक्ष ममता जिंदल, लायन्स क्लब ऑफ चाईबासा लावन्या की अध्यक्ष आरती मोदी तथा सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं श्याम सुंदर संस्था चाईबासा की अध्यक्ष डॉ. शशि लता सहित अन्य महिलाएं कैंप परिसर पहुंचीं। उन्होंने सीआरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान जवानों ने भी बहनों के प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया। आयोजन में सामाजिक संस्थाओं, विद्यालयों और सुरक्षा बल के बीच आपसी जुड़ाव एवं भाईचारे की भावना देखने को मिली। पूरे कार्यक्रम का वातावरण सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण रहा।

