Breaking
Thu. Aug 27th, 2026

चाईबासा में आठ मजदूरों के मोबाइल चोरी का खुलासा, 13 मोबाइल के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में आठ मजदूरों के मोबाइल चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार युवक के पास से विभिन्न कंपनियों के 13 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों में कई फोन चोरी की घटना से संबंधित पाए गए हैं।

इस संबंध में जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफायल मुर्मू ने गुरुवार को अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 25 अगस्त को सफिकुल शेख ने जगन्नाथपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। सफिकुल शेख मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के भगवानगोला थाना क्षेत्र के रामबाग बांधपूल के रहने वाले हैं और वर्तमान में तोड़ागहातु में रेलवे पेटी कांट्रेक्टर के अधीन मजदूरी कर रहे हैं।

शिकायत के अनुसार 24 अगस्त की रात खाना खाने के बाद सभी मजदूर सो गए थे। 25 अगस्त की तड़के करीब तीन बजे सफिकुल शेख की नींद खुली और वे पेशाब करने के लिए बाहर गए। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि चार्जिंग में लगाए गए आठ मजदूरों के मोबाइल फोन गायब थे। आसपास तलाश करने और अन्य मजदूरों से पूछताछ के बावजूद मोबाइलों का पता नहीं चला। इसके बाद अज्ञात चोर के खिलाफ जगन्नाथपुर थाना कांड संख्या 41/26 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 305 (आ) के तहत कार्रवाई शुरू की गई।

मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम को दिए जाने के बाद उनके निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की सहायता से पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटना की जांच तेज की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बड़ा जामदा बस स्टैंड के समीप से विकास प्रसाद नामक युवक को हिरासत में लिया। करीब 19 वर्षीय विकास प्रसाद टंकीसाई, बड़ाजामदा का निवासी है।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 13 स्क्रीन टच और कीपैड मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने जब इन मोबाइलों का मिलान चोरी गए मोबाइलों से किया तो कई फोन इसी मामले से जुड़े पाए गए। इसके बाद विकास प्रसाद को 26 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोबाइल चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

छापामारी अभियान में जगन्नाथपुर थाना प्रभारी पु०अ०नि० टिन्कु कुमार दास, पु०अ०नि० अभिमन्यु कुमार, पु०अ०नि० राजेश कुमार राय, तकनीकी शाखा के पु०अ०नि० अभय कुमार समेत जगन्नाथपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Post