चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चाईबासा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 33 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान चलाया गया। बरामद किए गए मोबाइल फोन को मंगलवार को उनके वास्तविक धारकों की पहचान और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें सौंप दिया गया। मोबाइल वापस मिलने के बाद धारकों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। उन्होंने चाईबासा पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस के प्रति आभार जताया।
मोबाइल फोन लौटाने के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर डॉ. सैय्यद मुस्तफा हाशमी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर बहामन टूटी और पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय पूजा कुमारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को आम लोगों से जुड़े मामलों में त्वरित और संवेदनशील तरीके से कार्रवाई करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने कहा कि मोबाइल फोन गुम होने या चोरी होने की स्थिति में लोग तत्काल नजदीकी थाने में इसकी सूचना दें। इसके साथ ही संचार साथी ऐप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराएं, जिससे तकनीकी माध्यमों से मोबाइल को ट्रैक कर जल्द बरामद करने में मदद मिल सके।
पुलिस के अनुसार हाल के दिनों में ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जिनमें दूसरे जिलों से गिरोह बनाकर चोर बाजार, हाट और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों से मोबाइल फोन चोरी करते हैं। चोरी किए गए मोबाइल को दूसरे राज्यों में बेचने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बाजार, हाट और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अपने मोबाइल फोन तथा अन्य कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें।

