जमशेदपुर। सावन के पावन अवसर पर सोमवार को बागबेड़ा क्षेत्र पूरी तरह शिवमय नजर आया। माता शीतला मंदिर परिसर स्थित बाबा चिंताहरण महादेव के जलाभिषेक को लेकर बड़ौदा घाट से गाड़ाबासा तक भव्य जलयात्रा निकाली गई। इसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। हाथों में जलपात्र और जुबां पर हर-हर महादेव का जयघोष लिए शिवभक्त पूरे उत्साह के साथ मंदिर की ओर बढ़ते रहे।
जलयात्रा के दौरान बागबेड़ा की सड़कें श्रद्धालुओं से पट गईं। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों, ढोल-नगाड़ों की गूंज और धार्मिक झांकियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। यात्रा में महिलाओं और युवतियों की भी बड़ी भागीदारी रही। भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमते हुए आगे बढ़ रहे थे। जगह-जगह लोगों ने जलयात्रा में शामिल भक्तों का स्वागत भी किया।
यात्रा के दौरान बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा इलाका गूंजता रहा। श्रद्धालु बड़ौदा घाट से जल लेकर पैदल गाड़ाबासा स्थित माता शीतला मंदिर पहुंचे और बाबा चिंताहरण महादेव का विधिवत जलाभिषेक किया। इस दौरान भक्तों ने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली के लिए भगवान शिव से प्रार्थना की।
आयोजन में जिला परिषद सदस्या कविता परमार, कुसुम पूर्ति, समाजसेवी शिवशंकर सिंह, आजसू जिला उपाध्यक्ष कमलेश दुबे, अप्पू तिवारी, ललन झा, मृत्युंजय सिंह, सुधीर सिंह और अभिजीत दा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं का कहना था कि सावन में बाबा चिंताहरण महादेव का जलाभिषेक करने की विशेष धार्मिक मान्यता है। इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में लोग दूर-दूर से जल लेकर मंदिर पहुंचे। बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी ने आयोजन को और भव्य बना दिया।
जलयात्रा को व्यवस्थित और सफल बनाने में आजसू जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, आनंदी ओझा, महेश सिंह, रामजी शर्मा, संजय प्रसाद, पप्पू प्रसाद, ब्रजेश सिंह, मनोज यादव, आकाश सिंह, विशाल नायक, विजय राय, राहुल प्रजापति, हेमंत प्रसाद, रवि यादव, मनोज शर्मा, साहिल सिंह, प्रवीण प्रसाद, उधो सिंह, अरुप मल्लिक और विजय सिंह सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सावन की इस धार्मिक यात्रा के दौरान बागबेड़ा में सुबह से ही भक्ति का माहौल बना रहा। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी और लगातार गूंजते शिव जयकारों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।

