चतरा : हजारीबाग के बाद अब चतरा जिले के मयूरहंड अंचल में एक हाई वोल्टेज ड्रामा सामने आया है। जमीन विवाद से हताश होकर एक युवक 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया है। युवक ने चेतावनी दी है कि अगर उसकी जमीन को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया गया, तो वह कूदकर अपनी जान दे देगा। मयूरहंड थाना क्षेत्र के पाचघारा निवासी मनोरंजन सिंह करमा स्थित एक 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गए हैं। उनका आरोप है कि उनकी जमीन पर दबंगों द्वारा जबरन कब्जा कर घर बनाया जा रहा है। पीड़ित के मुताबिक, चतरा एसडीओ जहूर आलम के सख्त आदेश के बावजूद, मयूरहंड अंचलाधिकारी (CO) मनीष कुमार काम रुकवाने में नाकाम रहे। दबंगों ने दीवार खड़ी कर ली है और अब ढलाई की तैयारी है। इसी से नाराज होकर मनोरंजन सिंह ने यह कदम उठाया है और अपनी मौत का जिम्मेदार सीधे तौर पर सीओ को ठहराया है। घटना की सूचना मिलते ही मयूरहंड थाना प्रभारी राहुल दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस लगातार युवक से वार्ता कर उसे नीचे उतारने की कोशिश कर रही है, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा है। हैरान करने वाली बात यह है कि इतना बड़ा बवाल होने के बावजूद, खबर लिखे जाने तक अंचलाधिकारी मनीष कुमार घटनास्थल पर नहीं पहुंचे थे। इलाके में इस घटना को लेकर भारी गहमागहमी का माहौल है।
चतरा में ‘शोले’ जैसा हाई वोल्टेज ड्रामा, जमीन विवाद में 40 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, सीओ पर लगाए गंभीर आरोप

