Breaking
Mon. Aug 24th, 2026

*बड़ाजामदा में बारिश ने खोली जल निकासी व्यवस्था की पोल, छह घंटे जलमग्न रहा मुख्य मार्ग*

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा शहर में 23 अगस्त रविवार की शाम हुई मूसलाधार बारिश ने जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। कुछ ही घंटों की तेज बारिश के बाद शहर का बड़ा हिस्सा जलमग्न हो गया। बड़ाजामदा-नोवामुंडी मुख्य मार्ग पर भट्ठीसाई पेट्रोल पंप के समीप स्थित पुल के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजरने लगा। पुल पूरी तरह पानी में डूब जाने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब छह घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।

पुल पर पानी का तेज बहाव होने के बावजूद कुछ वाहन चालकों ने पुल पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान एक बोलेरो और एक स्कॉर्पियो पानी में फंस गईं। तेज बहाव के कारण दोनों वाहन बहने से बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर धक्का देकर दोनों वाहनों को सुरक्षित किनारे पहुंचाया। कई मोटरसाइकिलें भी पानी में फंस गईं।

जलभराव के कारण मुर्गा महादेव जाने वाले कांवड़ियों सहित बड़ी संख्या में लोग घंटों सड़क पर फंसे रहे। स्थिति को देखते हुए बड़ाजामदा थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव पुलिस टीम के साथ मौके पर तैनात रहे। पुलिस ने लोगों को तेज बहाव के बीच पुल पार करने से रोकते हुए सुरक्षित रास्ते से जाने की अपील की।

भारी बारिश और जलभराव के कारण बड़ाजामदा का फुटबॉल मैदान और मिडिल स्कूल क्षेत्र पूरी तरह पानी में डूब गया। कई घरों और दुकानों में भी पानी घुस गया। इससे दुकानदारों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हुई तथा लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों पहले बड़ाजामदा शहर में बारिश के पानी की निकासी के लिए चौड़ा और गहरा नाला हुआ करता था। समय के साथ अतिक्रमण और निर्माण के कारण नाला संकरा होता चला गया। वहीं लौह चूर्ण, मिट्टी और कचरा जमा होने के कारण शहर की कई नालियां भी जाम हैं। इसके कारण बारिश का पानी तेजी से निकल नहीं पाता और मुख्य मार्ग सहित आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

लोगों ने पुराने जल निकासी मार्ग को अतिक्रमणमुक्त कराने के साथ नालियों की सफाई, चौड़ीकरण और गहरीकरण कराने की मांग की है। साथ ही भट्ठीसाई के समीप पुल की जल निकासी क्षमता बढ़ाने की भी मांग की गई है, ताकि भविष्य में भारी बारिश के दौरान आवागमन बाधित न हो और लोगों को परेशानी से बचाया जा सके।

Related Post