जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में टाटानगर रेलवे स्टेशन के समीप शुक्रवार देर रात पार्किंग को लेकर हुए विवाद में तीन युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में तीनों युवक घायल हो गए। आरोप है कि पार्किंग में विवाद के बाद पार्किंग कर्मी और एक ऑटो चालक ने युवकों के साथ मारपीट की। घायलों को पुलिस ने इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्होंने बर्मामाइंस थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
घायलों की पहचान कीताडीह निवासी 18 वर्षीय फुरकान अली, गोलमुरी निवासी 20 वर्षीय मो. जलरियान शहजादा और परसुडीह के प्रमोद नगर निवासी 20 वर्षीय हेमंत सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों युवक कोलकाता से ट्रेनिंग पूरी करने के बाद शुक्रवार रात टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन के पास पार्किंग में किसी बात को लेकर उनका ऑटो चालक और पार्किंग कर्मचारियों से विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान तीनों युवकों को चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद युवकों ने थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की वास्तविक वजह और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान के लिए टाटानगर रेलवे स्टेशन तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। बर्मामाइंस थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव ने बताया कि पुलिस पदाधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

