जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने राजस्टेट स्थित पुराने अनुमंडल कार्यालय यानी राजबाड़ी के खंडहर भवन में छापेमारी कर आरोपियों के कब्जे से 1.81 किलोग्राम गांजा और 11.73 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है। इसके अलावा पुलिस ने एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, हुंडई आई10 कार और सात मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस को 20 अगस्त को सूचना मिली थी कि राजस्टेट स्थित पुराने अनुमंडल कार्यालय के खंडहर भवन के एक कमरे में कुछ लोग मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल छापेमारी टीम गठित की गई।
घाटशिला थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कुमार मुंडा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान मौके से तीन संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से गांजा और ब्राउन शुगर बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से अन्य सामान भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश सिंह, तुषार सीट और लखन चंद्र सोरेन उर्फ लक्की उर्फ मामा के रूप में हुई है। दिनेश सिंह राजस्टेट और तुषार सीट धोबीपाड़ा, घाटशिला का रहने वाला है। वहीं लखन चंद्र सोरेन मुसाबनी थाना क्षेत्र के पाथरगोड़ा का निवासी बताया गया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1.81 किलोग्राम गांजा, 11.73 ग्राम ब्राउन शुगर, काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, हुंडई आई10 कार और विभिन्न कंपनियों के सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अब जब्त मोबाइल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।
इस मामले में घाटशिला थाना में एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपियों को मादक पदार्थों की आपूर्ति कहां से होती थी और इस कारोबार में इनके अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कार्रवाई में घाटशिला थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा, पुलिस अवर निरीक्षक रजनीश आनंद, सहायक अवर निरीक्षक आलोक कुमार समेत थाना रिजर्व गार्ड और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

